मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद भी बारिश का दौर थम नहीं रहा है। बुधवार शाम शाजापुर, इंदौर समेत कई इलाकों में अचानक मौसम बदला और तेज बारिश हुई।
-1.jpg&w=3840&q=75)
Bhopal News: मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद भी बारिश का दौर थम नहीं रहा है। बुधवार शाम शाजापुर, इंदौर समेत कई इलाकों में अचानक मौसम बदला और तेज बारिश हुई। शाजापुर के अकोदिया में करीब 20 मिनट, जबकि गुलाना, बोलाई और तिंगजपुर क्षेत्र में लगभग 40 मिनट तक बारिश दर्ज की गई। इंदौर के राजेंद्र नगर इलाके में भी झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के 21 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग के अलर्ट में इंदौर, उज्जैन, गुना, राजगढ़, आगर-मालवा, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, आलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, धार, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, देवास, शाजापुर, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा शामिल हैं।
मंगलवार को दशहरे के दिन भी प्रदेश के कई जिलों में आंधी और बारिश हुई थी। 15 जिलों में बारिश दर्ज की गई, जबकि सीहोर और रतलाम में बूंदाबांदी हुई। रायसेन जिले के गैरतगंज में सबसे ज्यादा करीब सवा इंच बारिश हुई, जबकि खंडवा में एक इंच पानी गिरा। सीहोर में हवा की रफ्तार 37 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई थी। धार, इंदौर, खरगोन, खंडवा, हरदा, देवास, उज्जैन, आगर-मालवा, राजगढ़, भोपाल, रायसेन, गुना और सागर में आंधी-बारिश का असर देखा गया।
दशहरे पर रतलाम, महू समेत कई जगह बारिश हुई, जिससे कुछ स्थानों पर रावण के पुतले भीग गए। कई जगह पुतलों को बरसाती से ढंकना पड़ा। इससे पहले 2022 में भी दशहरे के दिन तेज बारिश हुई थी। भोपाल में बारिश के कारण रावण दहन प्रभावित हुआ था। इस बार भी अचानक बदले मौसम ने आयोजकों की चिंता बढ़ाई।
प्रदेश के कई शहरों में रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 17 डिग्री, कटनी के करौंदी में 17.8 डिग्री, मलाजखंड में 18.1 डिग्री, छिंदवाड़ा में 18.2 डिग्री और ग्वालियर में 18.3 डिग्री रहा। दूसरी ओर, रतलाम, खरगोन, खंडवा, मंदसौर, उज्जैन और नर्मदापुरम में अधिकतम तापमान 35 डिग्री के पार रहा। यानी प्रदेश में दिन के समय गर्मी और रात में ठंडक का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है।
मध्य प्रदेश से 3 अक्टूबर को मानसून की विदाई हो चुकी है। इसके बावजूद सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण पिछले कई दिनों से प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में आंधी-बारिश हो रही है। मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार नायक के मुताबिक, पिछले 10 वर्षों के आंकड़ों में अक्टूबर के दौरान बारिश, गर्मी और ठंड तीनों का असर देखने को मिलता है। इस बार भी मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही बना हुआ है।
जून से सितंबर के दौरान प्रदेश में कुल 908.4 मिलीमीटर यानी करीब 35.8 इंच बारिश हुई। यह सामान्य बारिश 949.5 मिलीमीटर यानी 37.3 इंच से लगभग 1.5 इंच कम है। आंकड़ों के मुताबिक, पूर्वी मध्य प्रदेश में सामान्य से करीब 4 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई, जबकि पश्चिमी हिस्से में औसत से 12 प्रतिशत कम पानी गिरा। जून में सामान्य से 14 प्रतिशत कम बारिश हुई थी। जुलाई, अगस्त और सितंबर में बारिश का आंकड़ा सुधरा, लेकिन जून की कमी पूरी नहीं हो सकी।
इस सीजन में भोपाल, राजगढ़, बुरहानपुर, खरगोन, कटनी, मंडला, डिंडौरी, ग्वालियर, गुना, दतिया, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर, आगर-मालवा, भिंड, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, सतना, मऊगंज, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर में बारिश का कोटा पूरा हो चुका है।
वहीं, प्रदेश के 30 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। इनमें इंदौर, उज्जैन, खंडवा, बड़वानी, देवास, धार, झाबुआ, रतलाम, मंदसौर, बैतूल, हरदा, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा समेत अन्य जिले शामिल हैं।
फिलहाल मौसम विभाग के अलर्ट के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है।
.jpg&w=3840&q=75)

.jpg&w=3840&q=75)