Loading...
Loading...
Narmada River Accident: महेश्वर के सहस्त्रधारा घाट पर इंदौर का 30 वर्षीय युवक नर्मदा की तेज धारा में बह गया। पत्नी और भाई मदद के लिए चीखते रहे, लेकिन कुछ ही सेकेंड में युवक आंखों से ओझल हो गया। SDRF और रेस्क्यू टीम की तलाश जारी है।
Narmada River Accident: महेश्वर। खरगोन जिले के महेश्वर में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहाँ सहस्त्रधारा घाट पर नर्मदा में नहाने के दौरान इंदौर का 30 वर्षीय युवक अर्पित हाड़ा तेज बहाव के साथ बह गया। परिवार के लोग मदद के लिए चीखते-चिल्लाते रहे, लेकिन कुछ ही सेकेंड में युवक आंखों से ओझल हो गया। बताया जा रहा है कि इस हादसे का वीडियो भी सामने आया है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, होमगार्ड और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे। और देर शाम तक युवक की तलाश की गई, लेकिन इसके बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका। सोमवार सुबह से एसडीआरएफ की टीम ने भी सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
मिली जानकारी के तहत अर्पित इंदौर के निपानिया इलाके का रहने वाला था। वह परिवार के पांच लोगों के साथ महेश्वर घूमने आया था। परिवार ने महेश्वर में दर्शन किए और इसके बाद जलकोटी स्थित सहस्त्रधारा घाट पहुंचा। फिर शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच नर्मदा में नहाते समय अचानक अर्पित का पैर फिसल गया। और वह गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव की चपेट में आ गया।
अर्पित को नदी में बहता देखकर उसकी पत्नी और भाई ने शोर मचाकर मदद मांगी। आसपास मौजूद लोग और नाविक भी मौके पर पहुंचे, लेकिन नदी का बहाव काफी तेज होने और पानी गहरा होने के कारण कोई भी तुरंत नदी में उतर नहीं सका। देखते ही देखते युवक तेज धारा में गायब हो गया।
इसके बाद हादसे की सूचना मिलते ही महेश्वर पुलिस, होमगार्ड और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने नदी में तलाश शुरू की। टीम ने आसपास के कुंडों और नदी के बहाव वाले हिस्सों में युवक को खोजा, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी। अंधेरा होने के बाद सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा। सोमवार सुबह से पुलिस प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम नाव की मदद से दोबारा युवक की तलाश कर रही है।
पुलिस ने बताया कि जलकोटी-सहस्त्रधारा का इलाका तेज बहाव और गहरे पानी के कारण काफी जोखिम भरा है। पुलिस ने पर्यटकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे नदी के गहरे पानी और तेज बहाव वाले हिस्सों में जाने से बचें और सावधानी बरतें।
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है।
पहली टिप्पणी करने वाले बनें!
हमारे साथ जुड़ें
ताज़ा ख़बरों और अपडेट्स के लिए हमारे इंस्टाग्राम पेज को फॉलो करें और हमारे कम्युनिटी का हिस्सा बनें।
फॉलो करें