मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के भीकनगांव क्षेत्र में सोमवार रात भाजपा के सोशल मीडिया प्रभारी साहेबराम चौहान (42) की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई।

Khargone News; मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के भीकनगांव क्षेत्र में सोमवार रात भाजपा के सोशल मीडिया प्रभारी साहेबराम चौहान (42) की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। रामपुरा निवासी साहेबराम पर रामपुर फाटे के पास रात करीब 9 बजे के बाद दो हमलावरों ने ताबड़तोड़ वार किए और मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना से नाराज परिजन और भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को भीकनगांव थाने का घेराव कर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस हिरासत में लिए गए संदिग्धों को उनके हवाले करने की मांग की और शहर बंद कराने की चेतावनी भी दी। हालांकि, पुलिस अधिकारियों के समझाने और निष्पक्ष कार्रवाई के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया।
हत्या की वारदात के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब चार घंटे के भीतर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। उनकी पहचान सुभाष नायक और इंदौर निवासी महेश के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। थाने पर बढ़ते तनाव को देखते हुए झिरन्या और गोगावां से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर तैनात किया गया। एसडीओपी केतन अडलक और थाना प्रभारी बलराम सिंह राठौड़ ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।
पुलिस अधिकारियों ने मृतक के परिजन और प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर कानून हाथ में नहीं लेने की अपील की। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसपी रवींद्र वर्मा के मुताबिक, हत्या का केस दर्ज कर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। उनसे कड़ाई से पूछताछ जारी है। पुलिस के आश्वासन के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने चक्काजाम और प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
.jpg&w=3840&q=75)

.jpg&w=3840&q=75)