दसवीं में अच्छे नंबर आए, लेकिन इसी दौरान शादी कर दी गई। आगे पढ़ने की इच्छा थी, मगर ससुराल से इजाजत नहीं मिली। कृष्णा ने हार मानने के बजाय परिवार के फैसले के खिलाफ खड़े होने का साहस दिखाया।

Khandwa News: दसवीं में अच्छे नंबर आए, लेकिन इसी दौरान शादी कर दी गई। आगे पढ़ने की इच्छा थी, मगर ससुराल से इजाजत नहीं मिली। कृष्णा ने हार मानने के बजाय परिवार के फैसले के खिलाफ खड़े होने का साहस दिखाया। पति से रिश्ता खत्म किया, अपनी पढ़ाई पूरी की और सरकारी नौकरी हासिल कर आत्मनिर्भर बनीं। अब 49 साल की कृष्णा घड़िए ने तीन अनाथ सगे भाइयों को एक साथ गोद लेकर उन्हें मां और परिवार देने का फैसला किया है। जनजातीय कार्य विभाग में हॉस्टल अधीक्षिका के पद पर कार्यरत कृष्णा ने करीब डेढ़ साल चली कानूनी प्रक्रिया के बाद बुधवार शाम तीनों बच्चों को गोद लिया। दावा है कि मध्य प्रदेश में पहली बार किसी सिंगल मदर ने एक साथ तीन सगे भाई-बहनों को गोद लिया है। तीनों भाइयों ने कोविड के दौरान अपने माता-पिता को खो दिया था। इसके बाद वे उत्तर प्रदेश की एक संस्था में रह रहे थे।
कृष्णा घड़िए ने बताया कि लंबे समय से उनके मन में बच्चा गोद लेकर परिवार बसाने की इच्छा थी। इसके लिए उन्होंने CARA यानी केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण के पोर्टल पर आवेदन किया था। दत्तक ग्रहण की प्रक्रिया के दौरान उन्हें तीन बच्चों का विकल्प मिला। ये तीनों सगे भाई थे और इन्हें एक साथ गोद लेने वाला परिवार नहीं मिल पा रहा था। कृष्णा ने तीनों को अलग-अलग करने के बजाय एक साथ अपनाने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि दुनिया में उनका अपना कोई नहीं है। वे चाहती थीं कि इन बच्चों को मां और घर मिले। इसलिए उन्होंने तीनों की जिम्मेदारी उठाने की सहमति दी।
तीनों बच्चों के माता-पिता की मौत कोविड के दौरान हो गई थी। इसके बाद उनके पालन-पोषण और भविष्य का संकट खड़ा हो गया। उत्तर प्रदेश की एक संस्था ने उन्हें संरक्षण दिया, जहां वे करीब दो से तीन साल तक रहे।सहज समागम फाउंडेशन की संचालक दीपमाला विधानी के मुताबिक, CARA के नियमों के तहत दत्तक ग्रहण की प्रक्रिया पूरी कराई गई। खंडवा में किलकारी शिशु गृह की संचालिका दीपमाला विधानी ने भी इस प्रक्रिया में सहयोग किया।
कृष्णा का कहना है कि उन्होंने तीनों बच्चों को सिर्फ भावनात्मक रूप से नहीं, बल्कि उनकी पूरी जिंदगी की जिम्मेदारी समझकर गोद लिया है। उनके मुताबिक, बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए उन्होंने संपत्ति और शिक्षा से जुड़ी तैयारी पहले से कर रखी है। उन्होंने कहा कि तीनों को अच्छी शिक्षा दिलाएंगी और उनकी पसंद व योग्यता के मुताबिक आगे बढ़ने का मौका देंगी। यदि पढ़ाई पूरी करने के बाद किसी को नौकरी नहीं मिलती है, तो उसे अपना व्यवसाय शुरू करवाने में मदद करेंगी। इसके लिए जमीन भी खरीदकर रखी है।
कृष्णा की अपनी जिंदगी भी संघर्षों से भरी रही है। उन्होंने बताया कि दसवीं कक्षा में पढ़ाई के दौरान ही उनकी शादी कर दी गई थी। शादी के बाद परीक्षा का परिणाम आया तो उन्होंने अच्छे अंकों से परीक्षा पास की। वे आगे पढ़ना चाहती थीं, लेकिन ससुराल पक्ष ने इसकी अनुमति नहीं दी। कृष्णा ने पढ़ाई छोड़ने के बजाय पति से तलाक लेकर अपनी शिक्षा पूरी करने का फैसला किया। इसके बाद उन्होंने 12वीं, ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की। लगातार मेहनत के बाद सरकारी नौकरी हासिल की। वे पिछले 26 साल से नौकरी कर रही हैं और वर्तमान में खालवा क्षेत्र में हॉस्टल अधीक्षिका के पद पर कार्यरत हैं।
कृष्णा को हॉस्टल में रहने वाले करीब 50 से 60 बच्चों की देखभाल, शिक्षा और अन्य जिम्मेदारियां संभालने का भी अनुभव है। कई सालों से वे इन बच्चों के रहने और भविष्य को संवारने में भूमिका निभाती रही हैं। अब तीन सगे भाइयों को गोद लेकर उन्होंने अपने परिवार को एक नई शुरुआत दी है।
.jpg&w=3840&q=75)

.jpg&w=3840&q=75)