Loading...
Loading...
खंडवा के हरसूद में पदस्थ आयुष मेडिकल ऑफिसर मुखतार अहमद अंसारी साइबर ठगी का शिकार हो गए। ठगों ने खुद को एक्सिस बैंक का प्रतिनिधि बताकर क्रेडिट कार्ड जारी कराया और बिना कार्ड का उपयोग किए ही करीब ₹49 हजार का बकाया दिखा दिया।

खंडवा। मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में साइबर ठगों ने एक आयुष मेडिकल ऑफिसर को क्रेडिट कार्ड के नाम पर करीब 49 हजार रुपये की ठगी का शिकार बना लिया। ठगों ने खुद को एक्सिस बैंक का प्रतिनिधि बताकर पहले लगातार फोन किए, फिर क्रेडिट कार्ड भेजकर भरोसा जीत लिया। कार्ड का उपयोग किए बिना ही बकाया राशि के संदेश आने पर मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस के अनुसार, सीएचसी हरसूद में पदस्थ आयुष मेडिकल ऑफिसर मुखतार अहमद अंसारी (51), निवासी चांदबीबी मार्ग, बुरहानपुर ने हरसूद थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि अप्रैल से उनके पास एक्सिस बैंक के नाम से लगातार कॉल आ रहे थे। कॉल करने वाले उन्हें 50 हजार रुपये की लिमिट वाला क्रेडिट कार्ड लेने के लिए प्रेरित कर रहे थे।
शुरुआत में उन्होंने कई बार मना किया, लेकिन लगातार कॉल आने के बाद उन्होंने कार्ड लेने की सहमति दे दी।
करीब एक सप्ताह बाद उनके पते पर क्रेडिट कार्ड पहुंच गया। इसके बाद फिर कॉल कर बताया गया कि कार्ड में 6 हजार रुपये की राशि डाली जा रही है। कुछ देर बाद मोबाइल पर राशि का संदेश भी दिखाई दिया। इसके बाद 50 हजार रुपये की क्रेडिट लिमिट का मैसेज आने से उन्हें कॉल करने वालों पर भरोसा हो गया।
हालांकि, उन्होंने कार्ड का उपयोग नहीं किया और उससे कोई खरीदारी भी नहीं की।
कुछ समय बाद संदेह होने पर उन्होंने तुरंत क्रेडिट कार्ड ब्लॉक करा दिया। इसके बावजूद उनके मोबाइल पर करीब 49 हजार रुपये के बकाया भुगतान के संदेश आने लगे। इसके बाद उन्हें साइबर ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने हरसूद थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल पर बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें और क्रेडिट कार्ड या बैंकिंग ऑफर की पुष्टि हमेशा बैंक की आधिकारिक शाखा या हेल्पलाइन से ही करें।
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है।
पहली टिप्पणी करने वाले बनें!
हमारे साथ जुड़ें
ताज़ा ख़बरों और अपडेट्स के लिए हमारे इंस्टाग्राम पेज को फॉलो करें और हमारे कम्युनिटी का हिस्सा बनें।
फॉलो करें