शहर में विकास कार्यों में देरी और फाइलें लंबित रहने को लेकर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने अधिकारियों पर नाराजगी जताई।
-2.jpg&w=3840&q=75)
Indore News: शहर में विकास कार्यों में देरी और फाइलें लंबित रहने को लेकर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने अधिकारियों पर नाराजगी जताई। गुरुवार सुबह सुदामा नगर के सेक्टर-डी में औचक निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि अधिकारियों की लेटलतीफी से जनता परेशान हो रही है और इसका असर सरकार की छवि पर पड़ रहा है।
महापौर ने अधिकारियों को दो टूक कहा, “आप लोग कागज-कागज खेलते रहते हो और यहां जनता परेशान होती रहती है। आपके कारण सरकार की छवि खराब होती है।”
महापौर अपने नियमित सुबह के दौरे के दौरान स्थानीय पार्षद जीतू राठौर के साथ क्षेत्र में पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान ड्रेनेज लाइन के निर्माण कार्य में ठेकेदार की लापरवाही की शिकायतें सामने आईं। वहीं, ए सेक्टर के बगीचे की बाउंड्रीवॉल का टेंडर होने के बावजूद वर्कऑर्डर की फाइल लंबे समय से लंबित होने का मामला भी सामने आया।
इस पर महापौर ने नाराजगी जताते हुए मौके से ही संबंधित फाइल और अपर आयुक्त श्रृंगार श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारियों को बुलवाया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब काम होना ही नहीं था, तो प्रस्ताव कैसे तैयार हुआ और टेंडर किस आधार पर जारी किया गया? उन्होंने पूरे मामले की जांच कर देरी के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के निर्देश दिए।
महापौर ने अधिकारियों से कहा कि नगर निगम में ऐसे सभी मामलों की सूची तैयार की जाए, जिनकी फाइलें बिना उचित कारण लंबे समय से लंबित हैं। इन प्रकरणों की जांच कर रिपोर्ट नगर निगम आयुक्त के समक्ष रखी जाए और इसके बाद महापौर-इन-काउंसिल (एमआईसी) में रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
उन्होंने कमिश्नर और संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को मामलों की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
महापौर ने कहा कि अधिकारियों की देरी के कारण आम लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। जनप्रतिनिधियों को भी रोजाना जनता की शिकायतें सुननी पड़ती हैं। ऐसे में छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए महापौर को मौके पर पहुंचकर फाइलें निकलवानी पड़ें, यह अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर के विकास कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लंबित मामलों की जांच के बाद जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।
.jpg&w=3840&q=75)

.jpg&w=3840&q=75)