मध्य प्रदेश के एकमात्र गवर्नमेंट डेंटल कॉलेज में दिवंगत प्राचार्य डॉ. अलका गुप्ता के हस्ताक्षर से फर्जी पत्र तैयार करने का मामला सामने आया है।
Indore News : मध्य प्रदेश के एकमात्र शासकीय डेंटल कॉलेज में दिवंगत प्राचार्य डॉ. अलका गुप्ता के हस्ताक्षर से कथित फर्जी पत्र तैयार करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में संयोगितागंज थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि विभागाध्यक्ष का प्रभार हासिल करने के लिए सरकारी दस्तावेज में हेराफेरी कर पत्र तैयार किया गया।
शिकायत में पत्र की सत्यता की जांच कराने और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। इस मामले में पुलिस कमिश्नर, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के आयुक्त, चिकित्सा शिक्षा विभाग के संचालक और कॉलेज प्राचार्य को भी शिकायत भेजी गई है। शिकायत अस्थायी विभागाध्यक्ष के रूप में पदस्थ डॉ. हर्ष चंसोरिया के खिलाफ की गई है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, डॉ. हर्ष चंसोरिया विभागीय वरीयता सूची में तीसरे स्थान पर थे। इसके बावजूद दिवंगत प्राचार्य डॉ. अलका गुप्ता के नाम से जारी कथित पत्र के जरिए उन्हें विभागाध्यक्ष का प्रभार दिलाने की अनुशंसा कराई गई।
शिकायत में 14 जून 2026 को जारी बताए जा रहे पत्र के हस्ताक्षरों पर सवाल उठाए गए हैं। शिकायतकर्ता का दावा है कि पत्र पर किए गए हस्ताक्षर डॉ. अलका गुप्ता के वास्तविक हस्ताक्षरों से मेल नहीं खाते। पत्र में तारीख लिखने की शैली और हस्ताक्षर करने के तरीके में भी अंतर होने की बात कही गई है।
आरोप है कि डॉ. हर्ष चंसोरिया को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से डॉ. अलका गुप्ता के नाम से पत्र तैयार किया गया और उसे कॉलेज के रिकॉर्ड में शामिल कराया गया। शिकायतकर्ता ने मूल दस्तावेजों की जांच कराकर हस्ताक्षरों की सत्यता स्पष्ट करने की मांग की है।
शासकीय दंत चिकित्सालय की प्राचार्य डॉ. जया जोशी ने बताया कि उनके पास भी इस मामले की शिकायत आई थी। मामला कोर्ट में भी चल रहा है। हालांकि, अभी तक इस संबंध में कोई शासकीय पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि जो भी शिकायत मिलती है, उस पर ध्यान दिया जाता है।
वहीं, डॉ. हर्ष चंसोरिया ने कहा कि वह फिलहाल इंदौर से बाहर हैं, इसलिए इस संबंध में जानकारी नहीं दे सकते।
फिलहाल, शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच और कथित पत्र की वास्तविकता स्पष्ट होना बाकी है।
.jpg&w=3840&q=75)

.jpg&w=3840&q=75)