शहर में दो अलग-अलग मामलों को लेकर शुक्रवार को मृतकों के परिजन पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे। बाणगंगा निवासी चिराग सेन की मौत के मामले में परिजनों ने उसकी महिला मित्र पर प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया।

Indore News: शहर में दो अलग-अलग मामलों को लेकर शुक्रवार को मृतकों के परिजन पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे। बाणगंगा निवासी चिराग सेन की मौत के मामले में परिजनों ने उसकी महिला मित्र पर प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया। वहीं, एमआईजी क्षेत्र में रक्षित चौकड़े की हत्या के मामले में परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, बाणगंगा मेन रोड निवासी चिराग सेन ने रविवार रात खजराना क्षेत्र में कथित तौर पर जहर खा लिया था। सोमवार रात उसकी मौत हो गई। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने वृंदावन कॉलोनी के बाहर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया था। मामले में चिराग की महिला मित्र निशा का नाम सामने आया था।
शुक्रवार को कार्रवाई नहीं होने से नाराज परिजन दलित नेता मनोज परमार के साथ पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि चिराग अपनी महिला मित्र की प्रताड़ना से परेशान था और उस पर जान देने का दबाव बनाया गया था। परिजनों ने निशा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
परिजनों ने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वे भी आत्महत्या कर लेंगे। अधिकारियों ने उनकी बात सुनी और समझाइश के बाद उचित कार्रवाई के लिए उन्हें खजराना थाने भेज दिया। महिला मित्र पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
इधर, एमआईजी क्षेत्र में रक्षित चौकड़े की हत्या के मामले में भी परिजन शुक्रवार को पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे। उन्होंने मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने और आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की। इसके अलावा परिजनों ने आरोपियों के अवैध मकानों पर बुलडोजर चलाने की मांग भी रखी।
इस मामले में एसीपी प्रीति तिवारी ने परिजनों से ज्ञापन लिया और उनकी मांगों से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने का आश्वासन दिया।
.jpg&w=3840&q=75)

.jpg&w=3840&q=75)