तिलक नगर थाना क्षेत्र में महिला के जेवरों और नकदी से भरा पर्स चोरी करने वाले ऑटो चालक को पुलिस ने 12 दिन बाद गिरफ्तार कर लिया।
Indore News: तिलक नगर थाना क्षेत्र में महिला के जेवरों और नकदी से भरा पर्स चोरी करने वाले ऑटो चालक को पुलिस ने 12 दिन बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने मदद करने के बहाने महिला की बेटी का बैग अपने पास रखवाया और उसमें रखा जेवरों से भरा छोटा पर्स चोरी कर लिया था। ऑटो का नंबर नहीं होने से पुलिस को आरोपी की तलाश में परेशानी हो रही थी, लेकिन ऑटो के पीछे लगी एक खास स्टेपनी ने पुलिस को उस तक पहुंचा दिया।
टीआई मनीष लोधा के अनुसार, ममता राठौर निवासी व्यास किराना के सामने ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी संध्या देवास में जनरल स्टोर चलाती है। 21 अक्टूबर की शाम वह बेटी के साथ देवगुराड़िया जा रही थीं। पिपल्याहाना के पास उन्होंने एक ऑटो रोका। चालक ने बताया कि उसकी ऑनलाइन बुकिंग है और दूसरी सवारी आने वाली है। साथ चलना है तो आगे बैठना पड़ेगा।
संध्या के पास एक हैंडबैग था, जिसमें तीन छोटे पर्स रखे थे। ऑटो चालक ने मदद करने के बहाने बैग अपने पास पैर की तरफ रख लिया। कुछ दूर जाने के बाद मां-बेटी ऑटो से उतर गईं और दूसरे ऑटो से देवगुराड़िया पहुंचीं। वहां संध्या ने बैग चेक किया तो एक छोटा पर्स गायब मिला। उसमें सोने का मंगलसूत्र, चेन, नाक की नथ, पेंडल और चांदी की चेन रखी हुई थी।
ऑटो का नंबर नहीं होने के कारण पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए। इसी दौरान पीड़िता ने पुलिस को बताया कि ऑटो के पीछे स्टाइलिश स्टेपनी लगी थी, जो सामान्य ऑटो से अलग थी। पुलिस ने इसी पहचान को आधार बनाकर फुटेज की जांच की। फुटेज में ऐसी स्टेपनी वाला ऑटो दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने दूसरे ऑटो चालकों को फुटेज दिखाए, जिनसे पता चला कि इस तरह का ऑटो सोनू पुत्र बालकिशन लोगारे निवासी गोमा की फेल के पास है।
पुलिस जब सोनू तक पहुंची तो उसने शुरुआत में वारदात से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उसका फोटो पीड़िता को दिखाया। संध्या ने उसे ऑटो चालक के रूप में पहचान लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी किए गए जेवर बरामद कर लिए।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी सोनू पहले भी इसी तरह की दो वारदात कर चुका है। उसने पीथमपुर और इंदौर के सराफा क्षेत्र में भी महिलाओं को निशाना बनाया था। इन मामलों में वह जेल भी जा चुका है।
.jpg&w=3840&q=75)

.jpg&w=3840&q=75)