मध्य प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग में फर्जीवाड़े का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति करीब 17 साल तक दूसरे डॉक्टर के नाम पर सरकारी अस्पतालों में मरीजों का इलाज करता रहा।
.jpg&w=3840&q=75)
दिवाली पर नई खरीदारी, घर की सजावट, मिठाई, गिफ्ट और मेहमाननवाजी के बीच खर्च कब बजट से बाहर निकल जाता है, पता ही नहीं चलता। त्योहार के समय ये खर्च छोटे लग सकते हैं, लेकिन दिवाली खत्म होते ही स्कूल फीस, राशन, बिजली बिल और EMI जैसे जरूरी भुगतान सामने आ जाते हैं। ऐसे में कई लोगों को महीने का बाकी खर्च चलाने के लिए क्रेडिट कार्ड या उधार का सहारा लेना पड़ता है।
इस परेशानी से बचने के लिए दिवाली का बजट बनाते समय सिर्फ त्योहार के खर्चों पर नहीं, बल्कि अगले महीने की आर्थिक जरूरतों पर भी ध्यान देना जरूरी है। फाइनेंशियल एडवाइजर जितेंद्र सोलंकी, गाजियाबाद के मुताबिक, पहले जरूरी खर्चों और बचत के लिए रकम अलग रखनी चाहिए। इसके बाद बची हुई रकम से त्योहार का बजट तय करना चाहिए।
दिवाली पर खर्च की कोई एक तय सीमा सभी लोगों के लिए सही नहीं हो सकती। यह आपकी आय, घर के जरूरी खर्चों, EMI और बचत पर निर्भर करता है।
उदाहरण के लिए, अगर आपकी महीने की सैलरी ₹50,000 है और उसमें से ₹30,000 घर के जरूरी खर्चों, ₹8,000 EMI और अन्य भुगतानों में चले जाते हैं, तो आपके पास ₹12,000 बचेंगे। अगर आप ₹5,000 इमरजेंसी के लिए अलग रखते हैं, तो दिवाली के लिए अधिकतम ₹7,000 बचेंगे।
हालांकि, इसका मतलब यह नहीं कि पूरी रकम खर्च कर दी जाए। अगर ₹5,000 में त्योहार की जरूरतें पूरी हो जाती हैं, तो बाकी ₹2,000 बचाकर रख सकते हैं। ध्यान रखें कि अगले महीने की सैलरी आने तक जरूरी खर्चों के लिए पैसे कम नहीं पड़ने चाहिए।
त्योहार की खरीदारी शुरू करने से पहले नवंबर में होने वाले जरूरी भुगतानों का हिसाब निकालें। इसके लिए पिछले महीने का बैंक स्टेटमेंट या UPI हिस्ट्री देख सकते हैं। राशन, स्कूल फीस, बिजली बिल, किराया और EMI की रकम के साथ उनकी देय तारीख भी लिख लें।
अगर अलग बैंक खाते में पैसा रखना संभव नहीं है, तो मोबाइल के नोट्स में जरूरी भुगतानों की सूची बना सकते हैं। इससे यह स्पष्ट रहेगा कि त्योहार पर खर्च करने के लिए वास्तव में कितनी रकम उपलब्ध है।
दिवाली पर बजट बिगड़ने की एक वजह यह भी है कि लोग हर खरीदारी का खर्च अलग-अलग देखते हैं, लेकिन कुल खर्च का हिसाब नहीं रखते। इसलिए बजट को पहले से अलग-अलग कैटेगरी में बांटें।
- पूजा और सजावट: दीये, लाइटिंग, पूजा सामग्री और घर की सजावट।
- मिठाई और नाश्ता: घर के लिए मिठाई, स्नैक्स और खाने-पीने का सामान।
- गिफ्ट: परिवार, दोस्तों और रिश्तेदारों के लिए उपहार।
- मेहमाननवाजी: मेहमानों के भोजन, चाय-नाश्ते और आने-जाने का खर्च।
हर कैटेगरी के लिए खर्च की सीमा तय करें। अगर सजावट पर तय रकम खर्च हो चुकी है, तो नई चीजें खरीदने के बजाय पुराने सामान का दोबारा इस्तेमाल करें। इससे दूसरी जरूरतों के लिए पैसा बचाया जा सकता है।
दिवाली पर रिश्तेदारों के आने, घर में पार्टी रखने या कई जगह निमंत्रण मिलने से खर्च बढ़ सकता है। इसके लिए मेहमानों के रुकने के दिनों के हिसाब से राशन, भोजन और चाय-नाश्ते का अनुमान लगाएं।
हर बार बाहर खाने के बजाय कुछ भोजन घर पर रखने की योजना बनाएं। पारिवारिक आयोजन में भोजन, सजावट और दूसरी व्यवस्थाओं के लिए पहले ही खर्च की सीमा तय करें। अगर कई आयोजन हैं, तो प्राथमिकता के हिसाब से बजट बांटें।
दिवाली के दौरान अचानक कोई जरूरी खर्च सामने आ सकता है। इसके लिए कितनी रकम बचानी चाहिए, यह हर परिवार की आय, खर्चों और उपलब्ध बचत पर निर्भर करता है। इसलिए अपनी आर्थिक स्थिति के अनुसार एक रकम अलग रखें।
इस पैसे का इस्तेमाल ऑफर देखकर अतिरिक्त खरीदारी करने या गैर-जरूरी सजावट पर खर्च करने से बचें। इमरजेंसी के लिए रखी रकम को त्योहार के बजट का हिस्सा न मानें।
अगर दिवाली की खरीदारी के दौरान तय बजट से खर्च बढ़ने लगे, तो तुरंत बाकी खर्चों की समीक्षा करें।
- गैर-जरूरी खरीदारी और अतिरिक्त आयोजन टालें।
- जिस कैटेगरी में खर्च बढ़ा है, वहां दूसरी खरीदारी कम करें।
- उदाहरण के लिए, सजावट और मेहमाननवाजी में ₹1,500 अतिरिक्त खर्च हो गए हैं, तो अगली गैर-जरूरी खरीदारी रोककर बजट संभालें।
- हर खरीदारी का हिसाब उसी दिन लिखें, ताकि कुल खर्च का पता बना रहे।
दिवाली पर मिलने वाला बोनस त्योहार के खर्चों में मदद कर सकता है, लेकिन इसे पूरी तरह खरीदारी में खर्च करना जरूरी नहीं है। बोनस का इस्तेमाल करने से पहले जरूरी बिल और पुराने बकाये चुकाने पर ध्यान दें।
अगर इमरजेंसी फंड कम है, तो कुछ रकम बचाकर रखें। किसी आर्थिक लक्ष्य के लिए पैसा अलग रखने की योजना है, तो उसके लिए भी जरूरत के मुताबिक रकम बचाएं। बोनस अभी मिला नहीं है, तो उसे पहले से तय दिवाली बजट में शामिल न करें।
क्रेडिट कार्ड, EMI और 'बाय नाउ, पे लेटर' से खरीदारी का भुगतान बाद में किया जा सकता है, लेकिन इससे खर्च खत्म नहीं होता। त्योहार के बाद भी बिल और किस्तें चुकानी पड़ती हैं।
1. क्या सामान खरीदना वास्तव में जरूरी है?
2. ब्याज, प्रोसेसिंग फीस और अन्य शुल्क मिलाकर कुल कितना भुगतान करना होगा?
3. क्या मौजूदा EMI के साथ नई किस्त भी संभाल सकते हैं?
4. क्या क्रेडिट कार्ड का पूरा बिल तय तारीख तक चुका पाएंगे?
अगर पहले से कार्ड का बकाया है या पूरा बिल चुकाने की क्षमता नहीं है, तो नई गैर-जरूरी खरीदारी से बचें। क्रेडिट कार्ड से भुगतान करने पर भी खरीदारी को उसी दिन बजट में दर्ज करें।
अगर त्योहार के बाद खर्च बढ़ गया है, तो नवंबर में बाहर खाने, मनोरंजन और गैर-जरूरी ऑनलाइन खरीदारी पर अस्थायी रोक लगाएं। सबसे पहले राशन, किराया, स्कूल फीस, बिजली बिल और EMI जैसे जरूरी भुगतानों को प्राथमिकता दें।
दिवाली का बजट इस आधार पर नहीं बनाना चाहिए कि आप कितना खर्च करना चाहते हैं, बल्कि इस आधार पर बनाएं कि जरूरी भुगतान और बचत के बाद वास्तव में कितनी रकम खर्च की जा सकती है। इससे त्योहार की खुशियां अगले महीने आर्थिक दबाव की वजह नहीं बनेंगी।
.jpg&w=3840&q=75)

.jpg&w=3840&q=75)