Loading...
Loading...
मध्य प्रदेश के धार जिले में सरकारी उप स्वास्थ्य केंद्र की कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया। मामले को गंभीर मानते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सीएचओ को सेवा से पृथक किए जाने की अनुशंसा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) को भेज दी है।

मध्य प्रदेश के धार जिले के बाग विकासखंड स्थित कांकड़वा उप स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) किरण भाटिया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद गहरा गया है। वीडियो में वह जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में अपनी बात रखती नजर आ रही हैं। इसी दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्र सरकार और उनके समर्थकों को लेकर भी टिप्पणी की।
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो सरकारी उप स्वास्थ्य केंद्र परिसर के भीतर रिकॉर्ड किया गया था। वीडियो में सीएचओ ने खुद को किसी राजनीतिक दल का समर्थक नहीं बताया, लेकिन सोनम वांगचुक के समर्थन में अपनी बात रखते हुए लोगों से “भक्त बनो, अंधभक्त नहीं” जैसी टिप्पणी की। मंगलवार रात वीडियो सोशल मीडिया स्टेटस पर साझा होने के बाद यह तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा नेताओं ने सीएचओ पर सरकारी कर्मचारी आचरण नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए स्वास्थ्य विभाग से शिकायत की। शिकायत में सरकारी पद पर रहते हुए राजनीतिक टिप्पणी करने और सरकारी परिसर का उपयोग करने पर कार्रवाई की मांग की गई।
मामले को गंभीर मानते हुए जिला स्वास्थ्य विभाग ने जांच के बाद सीएचओ को सेवा से पृथक (बर्खास्त) किए जाने की अनुशंसा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) को भेज दी है। विभाग का कहना है कि अंतिम निर्णय एनएचएम स्तर पर लिया जाएगा।
मामले के तूल पकड़ने के बाद संबंधित सीएचओ ने सोशल मीडिया से वीडियो हटा दिया। साथ ही उन्होंने पूरे मामले पर खेद भी जताया। हालांकि, विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है।
पहली टिप्पणी करने वाले बनें!
हमारे साथ जुड़ें
ताज़ा ख़बरों और अपडेट्स के लिए हमारे इंस्टाग्राम पेज को फॉलो करें और हमारे कम्युनिटी का हिस्सा बनें।
फॉलो करें