मध्य प्रदेश के देवास में जहरीली शराब से 13 लोगों की मौत के मामले में नया खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में पता चला है कि शराब बनाने में इस्तेमाल किया गया थिनर इंदौर से 6,800 रुपए में खरीदा गया था। आरोपियों ने लाइसेंसी शराब दुकानों से सांठगांठ कर शराब की पेटियां जुटाईं।
Dewas News : मध्य प्रदेश के देवास में जहरीली शराब पीने से 13 लोगों की मौत के मामले में पुलिस जांच के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस के मुताबिक, शराब बनाने में इस्तेमाल किए जाने का संदेह वाला 220 किलो थिनर इंदौर से 6,800 रुपए में खरीदा गया था। इसके अलावा आरोपियों ने लाइसेंसी शराब दुकानों के मैनेजर और कर्मचारियों से कथित सांठगांठ कर शराब की पेटियां जुटाईं और उनमें नकली शराब की बोतलें मिलाकर आसपास के गांवों में सप्लाई की। पुलिस अब तक इस मामले में 11 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपियों से पूछताछ कर अवैध शराब के नेटवर्क और जहरीली शराब के स्रोत का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, चंदाना गांव में विनोद जायसवाल के घर से शराब बेची जाती थी। यहां सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक शराब उपलब्ध रहती थी। ग्रामीणों का दावा है कि इस घर से करीब 40 साल से अवैध शराब का कारोबार चल रहा था। छुट्टी हो या त्योहार, यहां शराब की सप्लाई बंद नहीं होती थी।
लाइसेंसी दुकानों की तुलना में कम कीमत पर शराब मिलने के कारण आसपास के गांवों के लोग भी यहां पहुंचते थे। फिलहाल कार्रवाई के बाद विनोद के घर पर ताला लगा हुआ है।
खास बात यह है कि घर के पास ही एक तीन मंजिला मकान का निर्माण भी चल रहा था। इसमें सेंट्रलाइज्ड एयर कंडीशनिंग सिस्टम लगाया जा रहा था। कार्रवाई के बाद निर्माण कार्य भी बंद है।
पुलिस के मुताबिक, विनोद के साथ अजय राठौर, गोविंद और रामेश्वर सोनगरा भी इस नेटवर्क से जुड़े थे। आरोप है कि ये लोग आसपास की लाइसेंसी शराब दुकानों के मैनेजर, कर्मचारियों और सेल्समैन से संपर्क कर शराब की पेटियां जुटाते थे।
इन पेटियों को बाइक से विनोद के घर तक पहुंचाया जाता था। यहां से शराब की बिक्री होती थी और सेल्समैन के जरिए आसपास के गांवों में भी सप्लाई की जाती थी। पुलिस को इस लेनदेन का रिकॉर्ड एक डायरी में मिलने की जानकारी है। गोविंद फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
कोतवाली थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी अजय ने बताया कि उसने AI की मदद से शराब बनाने का तरीका खोजा था। इसके बाद कबाड़ी से खाली बोतलें खरीदीं और अपने साथियों को भी इस काम में शामिल कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने लाइसेंसी शराब की बोतलों के साथ कथित तौर पर खुद तैयार की गई शराब भी बेचना शुरू कर दिया था। मौतों की खबर सामने आने के बाद आरोपी फरार हो गए थे।
इस मामले में पुलिस ने इंदौर के केमिकल व्यापारी अमन कासलीवाल को भी गिरफ्तार किया है। अमन के पिता आनंद कासलीवाल के मुताबिक, 30 अक्टूबर को गोविंद के नाम पर 220 किलो थिनर यानी एक ड्रम सप्लाई किया गया था। इसकी कीमत 6,800 रुपए थी। खरीद से संबंधित बिल्टी भी उपलब्ध है।
आनंद के मुताबिक, गोविंद ने पहली बार उनकी फर्म से केमिकल खरीदा था। थिनर का इस्तेमाल आमतौर पर पेंट को पतला करने के लिए किया जाता है। उन्होंने बताया कि उनकी फर्म कई राज्यों में पेट्रोकेमिकल की सप्लाई करती है और ग्राहकों से केमिकल के इस्तेमाल के बारे में जानकारी नहीं ली जाती।
पुलिस को आशंका है कि इसी थिनर का इस्तेमाल जहरीली शराब बनाने में किया गया। इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस के मुताबिक, विनोद को पहले भी अवैध शराब बेचने के मामलों में पकड़ा जा चुका था। हालांकि, कार्रवाई के बाद वह दोबारा इस कारोबार में सक्रिय हो जाता था। मौतों के बाद विनोद फरार हो गया था। पुलिस के अनुसार, वह एक साथी के साथ कार से देवास छोड़ने की कोशिश कर रहा था। नाकाबंदी के दौरान उसे प्रताप नगर-आंबेडकर नगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
ग्रामीणों के मुताबिक, चंदाना गांव में मौतों का सिलसिला 27 सितंबर को किशोर परमार की मौत के साथ शुरू हुआ था। इसके बाद अक्टूबर में 30 से 40 साल की उम्र के कई युवाओं की मौत हुई। बताया गया कि शराब पीने के बाद लोगों को पेट दर्द, चक्कर, घबराहट और उल्टी जैसी शिकायतें हुईं। कुछ लोगों की हालत तेजी से बिगड़ी और उनकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस जहरीली शराब के स्रोत, थिनर की भूमिका और पूरे सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है। इस मामले में आगे की जांच से अवैध शराब के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है।
.jpg&w=3840&q=75)

.jpg&w=3840&q=75)