भूटान में गुरुवार देर रात शिंताफू ग्लेशियर झील फटने से भारी तबाही हुई। पानी के तेज बहाव में यहां का मशहूर गर्म पानी का कुंड 'गासा त्साचु' पूरी तरह बह गया।
Bhutan News: भूटान में शिंताफू ग्लेशियर झील फटने से भारी तबाही हुई है। गुरुवार देर रात झील से निकले पानी के तेज बहाव ने गासा जिले में स्थित मशहूर गर्म पानी के कुंड 'गासा त्साचु' को पूरी तरह बहा दिया। पुनाखा-गासा हाईवे का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके बाद इस मार्ग पर आवाजाही रोकनी पड़ी। हालांकि, अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
झील से निकले पानी के कारण संकोश नदी का जलस्तर बढ़ गया है। यह नदी भूटान से निकलकर पश्चिम बंगाल और असम के सीमावर्ती इलाकों से गुजरती है और आगे ब्रह्मपुत्र नदी में मिल जाती है। इसी वजह से भारत के निचले इलाकों में बाढ़ की आशंका को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है।
पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार में प्रशासन ने 10 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में पहुंचाया है। रातभर सायरन बजाकर लोगों को सतर्क किया गया और जल्द से जल्द घर छोड़ने की अपील की गई। राहत और बचाव के लिए NDRF, SDRF और आपदा प्रबंधन की टीमें भी तैनात की गई हैं।
शिंताफू ग्लेशियर झील से निकला पानी सबसे पहले भूटान की मो छू नदी में पहुंचता है। आगे मो छू और फो छू नदियां मिलकर पुनात्सांगछू नदी बनाती हैं। यही नदी भारत में प्रवेश करने के बाद संकोश नदी कहलाती है।
इसके रास्ते पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी के साथ असम के कोकराझार और धुबरी जिलों के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा पैदा हो सकता है। आगे चलकर संकोश नदी ब्रह्मपुत्र में मिल जाती है।
जानकारी के मुताबिक, 29 अक्टूबर की शाम भूटान के गासा जिले के लुंगो, लाया गेओग में स्थित शिंताफू तशो झील से पानी निकलना शुरू हुआ। यह झील वाकिला पर्वत के नीचे स्थित है और भूटान की 17 संभावित खतरनाक ग्लेशियर झीलों में शामिल है। झील से निकला पानी मो छू नदी के जलग्रहण क्षेत्र से आगे बढ़ा। बाढ़ का पानी रात करीब 8:15 बजे ताकत्सेमाखांग इलाके तक पहुंच गया। पानी का बहाव इतना तेज था कि गासा त्साचु हॉट स्प्रिंग के आसपास बने इंफ्रास्ट्रक्चर को भारी नुकसान पहुंचा।
बाढ़ के कारण भूटान में कई जगहों पर नुकसान हुआ है। पुनाखा जिले में लगा सोलर सिंचाई लिफ्टिंग सिस्टम क्षतिग्रस्त होकर बंद हो गया। शिंगचाला नदी में पानी बढ़ने से आसपास के गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया।
पुनाखा-गासा हाईवे पर पेड़ और मलबा जमा हो गया। वहीं, लाया गांव की ओर जाने वाली सड़क का एक हिस्सा पानी के तेज बहाव में बह गया, जिसके बाद इस रास्ते पर आवाजाही रोक दी गई।
झील से निकले पानी के भारत पहुंचने की आशंका को देखते हुए पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार के साथ असम के धुबरी समेत नदी किनारे के इलाकों में सतर्कता बढ़ाई गई है। प्रशासन लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और संभावित बाढ़ से निपटने की तैयारी में जुटा है।
.jpg&w=3840&q=75)

.jpg&w=3840&q=75)