बड़वानी जिले में मिठाई की दुकानों पर खुली मिठाई की ट्रे पर बनाने और खाने योग्य रहने की तारीख नहीं लिखी जा रही है।
-3.jpg&w=3840&q=75)
Badwani News ; त्योहारों का सीजन शुरू होते ही मिठाई की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ बढ़ने लगी है। इसी बीच बड़वानी जिले में मिठाई की दुकानों पर खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। जिला मुख्यालय के साथ सेंधवा, निवाली और खेतिया सहित कई जगहों पर खुली मिठाई की ट्रे पर मिठाई बनने और उसके खाने योग्य रहने की अंतिम तारीख नहीं लिखी जा रही है।
भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने 1 अक्टूबर 2020 से खुली मिठाइयों के लिए भी जरूरी जानकारी प्रदर्शित करना अनिवार्य किया था। नियम के मुताबिक, दुकानदारों को काउंटर पर रखी मिठाई की ट्रे, कंटेनर और डिस्प्ले पैनल पर मिठाई बनने की तारीख और ‘बेस्ट बिफोर’ यानी कितने समय तक मिठाई खाने योग्य रहेगी, इसकी जानकारी देनी होती है। इससे ग्राहक मिठाई की ताजगी के बारे में जान सकते हैं।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, त्योहारों के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें दुकानों पर जांच करने पहुंचती हैं और मुख्य रूप से मावा व मिठाइयों के नमूने लेती हैं। हालांकि, ट्रे पर तारीख प्रदर्शित नहीं करने के मामले में कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
नवरात्र से ही मिठाइयों के ऑर्डर और दिवाली की बुकिंग शुरू हो जाती है। त्योहार के दौरान कुछ दुकानदार होटलों के बाहर खुले में टेबल लगाकर भी मिठाइयां बेचते हैं। ऐसे में धूल-मिट्टी के संपर्क में रखी मिठाइयों की स्वच्छता और गुणवत्ता को लेकर चिंता बढ़ जाती है।
मिठाई की दुकानों पर ब्रेड, टोस्ट, पाव और पेस्ट्री जैसे बेकरी उत्पाद भी बिकते हैं। कुछ उपभोक्ताओं ने नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर बताया कि पैकेट बंद ब्रेड और टोस्ट घर लाने पर उनमें फफूंद मिली। शिकायत दर्ज कराने के बजाय उन्होंने इन उत्पादों को फेंक दिया। उपभोक्ताओं ने बेकरी उत्पादों की गुणवत्ता की जांच कराने की जरूरत बताई है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज अंचल ने बताया कि जिला कलेक्टर के निर्देश पर आगामी त्योहारों को देखते हुए पूरे जिले में जांच अभियान चलाया जा रहा है। त्योहारी सीजन में मिलावट की आशंका बढ़ने के कारण अलग-अलग टीमें जांच कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मामले दर्ज किए जा रहे हैं और कार्रवाई जारी रहेगी। अब देखना होगा कि जांच अभियान के दौरान मिठाई की ट्रे पर तारीख प्रदर्शित करने और बेकरी उत्पादों की गुणवत्ता जैसे मुद्दों पर भी कितनी प्रभावी निगरानी होती है।
.jpg&w=3840&q=75)

.jpg&w=3840&q=75)