Loading...
Loading...
NEET Paper Leak Protest: नीट पेपर लीक मामले को लेकर मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने धरना स्थल पर पिज्जा, बर्गर और कोल्ड ड्रिंक पहुंचने को लेकर सवाल उठाते हुए इसकी जांच की जरूरत बताई।
NEET Paper Leak Protest: इंदौर। इंदौर नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने विपक्ष पर निशाना साधा है। इंदौर में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर कई सवाल खड़े किए। विजयवर्गीय ने कहा कि नीट मुद्दे को लेकर हुए आंदोलन को कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और कम्युनिस्ट दल अपनी जीत मान रहे हैं, लेकिन उन्हें दूसरे राज्यों में हुए पेपर लीक के मामलों पर भी जवाब देना चाहिए।
विजयवर्गीय ने कहा कि "धरना स्थल पर लगातार पिज्जा, बर्गर और कोल्ड ड्रिंक आ रहे थे। यह कौन भेज रहा था, इसकी भी जांच होनी चाहिए।" उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ विदेशी ताकतें युवाओं के कंधे का इस्तेमाल कर देश को कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं। हालांकि, इन आरोपों के समर्थन में उन्होंने कोई ठोस सबूत पेश नहीं किया।
कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि नीट मामले पर विपक्ष सवाल उठा रहा है, लेकिन कर्नाटक और पंजाब में सामने आए पेपर लीक के मामलों पर उनसे सवाल किया जाए तो उनके पास कोई जवाब नहीं है। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ लोग केंद्र की मोदी सरकार को अस्थिर करने के लिए युवाओं के आंदोलन का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और कम्युनिस्ट दल इस घटनाक्रम को अपनी राजनीतिक जीत मान रहे हैं और इसे लेकर उन्हें खुशी मनाने का मौका मिला है।
विपक्ष पर चयनात्मक राजनीति करने के सवाल पर विजयवर्गीय ने कहा कि देशहित से जुड़ी बातों को राजनीति से अलग नजरिए से देखना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी के विदेश दौरों का जिक्र करते हुए भी विपक्ष पर निशाना साधा।
विजयवर्गीय ने कहा कि इस पूरे आंदोलन से जुड़े वीडियो सभी को देखने चाहिए। उनके मुताबिक, वीडियो में शामिल लोगों और वहां लगाए गए नारों से यह समझने की कोशिश की जानी चाहिए कि आंदोलन किस दिशा में जा रहा था।
कैलाश विजयवर्गीय इंदौर में एक पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान एयरपोर्ट रोड पर उन्होंने मीडिया से बातचीत की और नीट पेपर लीक मामले को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस दौरान विपक्ष पर जमकर हमला बोला और आंदोलन को लेकर कई सवाल उठाए।
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है।
पहली टिप्पणी करने वाले बनें!
हमारे साथ जुड़ें
ताज़ा ख़बरों और अपडेट्स के लिए हमारे इंस्टाग्राम पेज को फॉलो करें और हमारे कम्युनिटी का हिस्सा बनें।
फॉलो करें